पन्ना , जुलाई 9 -- मध्यप्रदेश के पन्ना शहर स्थित प्रसिद्ध श्री जुगल किशोर मंदिर में 15 से 29 जुलाई तक धार्मिक महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य धार्मिक गतिविधियों के साथ पन्ना को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रमुख आध्यात्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना है।
आयोजकों के अनुसार श्री जुगल किशोर सरकार धाम में 15 जुलाई को भव्य शोभायात्रा एवं कलश यात्रा के साथ महोत्सव का शुभारंभ होगा। 16 से 22 जुलाई तक स्वामी राजेन्द्र दास देवाचार्य जी महाराज श्रीमद्भागवत कथा का वाचन करेंगे, जबकि 23 से 27 जुलाई तक महंत स्वामी किशोरदास जी महाराज भक्तमाल कथा का प्रवचन देंगे। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन रासलीला, भक्ति संगीत और संतों के प्रवचन भी आयोजित किए जाएंगेमहोत्सव का समापन 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गुरुपूजन एवं महाभंडारे के साथ होगा।
आयोजकों का कहना है कि इस आयोजन से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय व्यापार, होटल उद्योग, परिवहन और रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होने की संभावना है। पन्ना के प्राणनाथ मंदिर, बलदेव जी मंदिर, राम वनगमन से जुड़े स्थलों, पन्ना टाइगर रिजर्व, रनेह जलप्रपात और बृहस्पति कुंड को जोड़कर पर्यटन परिपथ विकसित करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह महोत्सव पूरी तरह धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन है और इसका किसी भी राजनीतिक गतिविधि से कोई संबंध नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित