अमृतसर , जून 03 -- पंजाब में अमृतसर की अतिरिक्त उपायुक्त (ग्रामीण विकास) परमजीत कौर ने बुधवार को बताया कि श्री गुरु रविदास महाराजके 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में पंजाब सरकार द्वारा राज्य स्तरीय कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत अमृतसर जिले में भी विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे।
इन कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक के दौरान परमजीत कौर ने बताया कि 11 जून को दशहरा ग्राउंड में जिला प्रशासन की ओर से श्री गुरु रविदास महाराज को समर्पित एक विशेष कीर्तन समागम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर प्रसिद्ध कीर्तन जत्थे गुरबाणी कीर्तन के माध्यम से संगतों को निहाल करेंगे। उन्होंने बताया कि इसी दिन कार्यक्रम स्थल पर एक विशेष रक्तदान शिविर भी लगाया जाएगा, जिसमें अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया जाएगा।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि जून माह के दौरान जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में श्री गुरु रविदास महाराज के जीवन, शिक्षाओं और समाज को दिये गये योगदान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए ड्रोन शो आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा गांव स्तर पर डॉक्यूमेंट्री शो भी प्रदर्शित किये जाएंगे, ताकि युवा पीढ़ी महान संत के जीवन और विचारों से प्रेरणा प्राप्त कर सके।
परमजीत कौर ने बताया कि प्रकाश पर्व को समर्पित पर्यावरण संरक्षण अभियान के तहत जिले में छह लाख 50 हजार पौधे लगाये जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ लोगों को प्रकृति के प्रति जागरूक करने में भी सहायक होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित