संगरूर , जून 30 -- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में राज्यव्यापी विशेष अभियान की शुरुआत करते हुए मंगलवार को 50 मोबाइल डॉक्यूमेंट्री वैन को रवाना किया। इन वैन के माध्यम से श्री गुरु रविदास जी का समानता, सामाजिक न्याय, भक्ति और मानवता का संदेश पंजाब के 23 जिलों के लगभग 13 हजार गांवों तक पहुंचाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को ऐतिहासिक और भव्य तरीके से मनाने के लिए वर्षभर कार्यक्रम आयोजित करेगी, जिसके लिए 100 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि गुरु जी की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।

श्री मान ने कहा कि यह उनके लिए सौभाग्य की बात है कि उन्हें पहले श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस और अब श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व के आयोजनों से जुड़ने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि श्री गुरु रविदास जी ने पूरी मानवता के कल्याण, समानता और भाईचारे का संदेश दिया तथा ऐसे समाज की कल्पना की, जहां किसी भी प्रकार का भेदभाव या अन्याय न हो। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को समानता और सामाजिक सद्भाव की राह दिखाती हैं।

श्री मान ने कहा कि अभियान के तहत 50 मोबाइल वैन गांव-गांव जाकर श्री गुरु रविदास जी के जीवन, दर्शन और शिक्षाओं पर आधारित 30 मिनट की डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन करेंगी। प्रत्येक वैन में 12 फुट x 8 फुट की एलईडी स्क्रीन लगाई गई है। यह अभियान पंजाब के सभी 23 जिलों के लगभग 13,000 गांवों को कवर करेगा। उन्होंने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य विशेष रूप से युवा पीढ़ी को श्री गुरु रविदास जी की शिक्षाओं से जोड़ना है, ताकि वे समानता, सामाजिक सद्भाव और मानवता के मूल्यों को अपनाकर बेहतर समाज के निर्माण में योगदान दे सकें। उन्होंने कहा कि यह डॉक्यूमेंट्री श्री गुरु रविदास जी को सच्ची श्रद्धांजलि है, जिन्होंने अपना पूरा जीवन जातिगत भेदभाव और सामाजिक असमानता को समाप्त करने के लिए समर्पित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार श्री गुरु रविदास जी के आदर्शों पर आधारित समाज के निर्माण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, जहां प्रत्येक व्यक्ति सम्मान और समान अधिकारों के साथ जीवन जी सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित