जालंधर , अगस्त 02 -- श्री गुरु रविदास महाराज जी के पावन जन्मस्थान सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी से पहुंचे पावन कलश की भव्य कलश यात्रा सोमवार को जालंधर शहर के विभिन्न मंडलों में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ निकाली जाएगी। इस कलश यात्रा का नेतृत्व भारतीय जनता पार्टी जालंधर शहरी के जिला उपाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार और रोशन लाल करेंगे।

भाजपा के जिला उपाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार ने रविवार को कहा कि श्री गुरु रविदास महाराज का जीवन मानवता, समानता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि पावन कलश का जालंधर आगमन समस्त श्रद्धालुओं के लिए सौभाग्य और आध्यात्मिक ऊर्जा का प्रतीक है। शहर के सभी मंडलों में कलश यात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु, सामाजिक संगठन और भाजपा कार्यकर्ता शामिल होकर गुरु महाराज के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित करेंगे।

श्री कुमार ने बताया कि सोमवार सुबह 11 बजे श्री गुरु रविदास महाराज धाम, बूटा मंडी से भारतीय जनता पार्टी के सभी 14 मंडलों के लिए पावन कलश वितरित किए जाएंगे। इसके बाद संबंधित मंडलों में श्रद्धा और सम्मान के साथ कलश यात्राएं निकाली जाएंगी। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि गुरु रविदास महाराज की शिक्षाओं और उनके समानता, सामाजिक सद्भाव तथा मानव सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम भी बनेगा।

उन्हाेंने सभी समाजसेवी संगठनों, धार्मिक संस्थाओं, भाजपा कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं से अपील की कि वे कलश यात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लें और गुरु रविदास महाराज के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने में अपना योगदान दें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित