जालंधर , जनवरी 31 -- शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने शनिवार को कहा कि श्री गुरु रविदास का संदेश का समानता और साम्प्रदायिक सदभाव का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है, जितना 800 साल पहले था।

अकाली दल अध्यक्ष बूटा मंडी स्थित गुरु रविदास धाम में माथा टेकने के साथ-साथ श्रद्धेय संत की जयंती के अवसर पर निकाली गयी शोभा यात्रा में भाग शामिल हुए। उन्होंने कहा कि श्री गुरु रविदास ने मानव जाति को सभी धर्मों का सम्मान करना सिखाया है, ऐसे संतों की शिक्षा के कारण ही पंजाब में सभी समुदायों के बीच भाईचारा कायम है और राज्य में कभी भी साम्प्रदायिक दंगे नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी ने साम्प्रदायिक सौहार्द्र बनाये रखने की जरूरत को अपना मिशन बनाया और हमेशा सभी धर्मों के लोगों को प्रगति और समृद्धि के रास्ते पर साथ लेकर चली है।

अकाली दल अध्यक्ष ने बताया कि पिछले नौ वर्षों में कुप्रशासन ने राज्य में शांतिपूर्ण माहौल को कैसे खराब कर दिया है। उन्होंने कहा, ''जबरन वसूली और टाॅरगेट कीलिंग जैसी घटनाएं आम बात हो गयी हैं, गैंगस्टरों का बोलबाला है।'' उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में पंजाबियों को अकाली दल जैसी क्षेत्रीय पार्टी की आवश्यकता है, जो राज्य में गहराई से जुड़ी हुई है और इस समस्या का डटकर मुकाबला कर इसे जड़ से खत्म कर सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित