भोपाल , अक्टूबर 04 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के 1100 क्वार्टर स्थित एनसीसी ग्राउंड में 10 नवंबर को आयोजित होने वाले श्री गिरिराज महोत्सव की तैयारियों को लेकर रविवार को श्री चित्रगुप्त मंदिर प्रांगण में बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन की तैयारियों को लेकर समिति के सदस्यों ने अपने सुझाव दिए।

वशिष्ठ योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान परिषद की आयोजन समिति के अनुसार महोत्सव में भव्य गिरिराज विग्रह का निर्माण कर छप्पन भोग और भव्य आरती का आयोजन किया जाएगा। महिला एवं परिवारों से आग्रह किया गया है कि वे अपने घरों से सुंदर आरती की थाल सजाकर लाएं। बच्चों के राधा-कृष्ण के स्वरूप में आने पर उन्हें आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे।

महोत्सव में राजस्थान की आतिशबाजी, ब्रज के गीत-संगीत, फूलों की होली, गोपियों का नृत्य और विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल को ब्रज के स्वरूप में सजाकर अष्ट ठाकुर का रूप दिया जाएगा। इसके अलावा बांके बिहारी लाल की भव्य झांकी के साथ बिहारी जी का फूल बंगला भी बनाया जाएगा।

आयोजन समिति ने बताया कि महोत्सव के उद्देश्य में प्रकृति संरक्षण, सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन और गाय का संरक्षण शामिल है। बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा गाय संरक्षण के लिए लिए गए निर्णयों के लिए समिति की ओर से उनका अभिनंदन प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।

बैठक की अध्यक्षता एडवोकेट प्रमोद सक्सेना ने की। इस अवसर पर संजय अवस्थी, वेदासी श्रीवास्तव, सुषमा बाबिसा, राजकुमार विश्वकर्मा, दिनेश कुशवाहा, राहुल पचौरी, नितिन मालवीय और अवतार सिंह राजपूत सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक के बाद सभी ने दाल-बाटी भोजन प्रसादी का आनंद लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित