रूद्रप्रयाग , अप्रैल 23 -- उत्तराखंड में श्री केदारनाथ धाम क्षेत्र में गुरुवार को राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर बीमार व्यक्तियों का सफल रेस्क्यू कर उन्हें समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई।
एसडीआरएफ कमांडेंट अर्पण यदुवंशी ने बताया कि सेक्टर मजिस्ट्रेट से सूचना मिली कि विवेकानंद अस्पताल में एक मरीज का स्वास्थ्य अत्यंत खराब है, जिसे हेलीपैड तक शिफ्ट करना आवश्यक है। इस पर एक टीम उप निरीक्षक राजबर राणा के नेतृत्व में तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर मरीज धनजी भाई (55), निवासी गुजरात, जिन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही थी, को सुरक्षित हेलीपैड तक पहुंचाया गया, जहां से उन्हें हायर सेंटर के लिए एयरलिफ्ट किया गया। उन्होंने बताया कि एक दूसरी घटना में पुलिस चौकी केदारनाथ से सूचना प्राप्त हुई कि आगरा भवन में एक महिला यात्री का स्वास्थ्य अचानक खराब हो गया है। सूचना प्राप्त होते ही एसडीआरएफ टीम ने मुख्य आरक्षी जितेंद्र नेगी के नेतृत्व में तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई करते हुए आकांक्षा (37), निवासी जयपुर, राजस्थान को सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर उपचार के लिए बेस कैंप अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने कहा कि एसडीआरएफ के जवान चारधाम यात्रियों को सुरक्षित रखने के लिए लगातार सक्रिय हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित