लखनऊ , सितंबर 04 -- राजधानी लखनऊ में आईआईएम रोड स्थित इमैजिन रिजॉर्ट में प्री-जन्माष्टमी के अवसर पर श्री कृष्णोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें करीब 500 से 600 श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में अक्षय पात्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष भरतर्षभ प्रभु का विशेष सान्निध्य रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवद्गीता के श्लोक-पाठ से हुआ। इसके बाद भजन, नृत्य, हरिनाम संकीर्तन, श्री राधा-कृष्ण झूलन और अभिषेक सहित विभिन्न आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। हरिनाम संकीर्तन के दौरान श्रद्धालु भक्ति में झूमते हुए सामूहिक रूप से भगवान के नाम का संकीर्तन करते रहे।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण युवा भजन गायक अगम अग्रवाल की प्रस्तुति रही। उनके भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे और कार्यक्रम स्थल भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन एवं संचालन हरे कृष्ण मंदिर, लखनऊ के भक्त अजय कृष्ण दास ने किया। मंदिर के भक्तों और स्वयंसेवकों ने आयोजन की व्यवस्थाओं में सहयोग किया। कार्यक्रम में कृष्ण पाद प्रभु, श्रीनिधि गोविंद प्रभु, भीमेश प्रभु और तरुण कृष्ण प्रभु समेत अन्य अतिथि एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।
इस अवसर पर वृंदावन चंद्रोदय मंदिर की आध्यात्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों की जानकारी भी दी गई। आयोजकों के अनुसार वृंदावन में निर्माणाधीन इस मंदिर की प्रस्तावित ऊंचाई करीब 700 फीट है। मंदिर के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षाओं, भगवद्गीता और भारतीय आध्यात्मिक संस्कृति के संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
अक्षय पात्र फाउंडेशन की सामाजिक सेवाओं का भी उल्लेख किया गया। आयोजकों के अनुसार संस्था प्रतिदिन लाखों बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध करा रही है। लखनऊ में भी भगवद्गीता की शिक्षाओं के प्रसार और लोगों को कृष्ण-चेतना से जोड़ने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की गई। आयोजकों ने बताया कि श्री कृष्णोत्सव का उद्देश्य जन्माष्टमी उत्सव के साथ लोगों को भगवान श्रीकृष्ण के पवित्र नाम, भगवद्गीता की शिक्षाओं और आध्यात्मिक जीवन से जोड़ना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित