वाराणसी , जुलाई 3 -- अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर चल रहे विवाद के बीच धार्मिक नगरी काशी में भी अधिवक्ताओं ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर की व्यवस्था और प्रबंधन को लेकर सवाल उठाए हैं। अधिवक्ताओं का आरोप है कि प्रबंधन से जुड़े कुछ लोग लंबे समय से एक ही पद पर काबिज हैं, जिन पर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं। इस मुद्दे को लेकर अधिवक्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।

अधिवक्ताओं ने मांग की कि मंदिर प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों की पिछले पांच से छह वर्षों की आय और संपत्तियों की जांच कराई जाए और संपत्ति को सार्वजनिक किया जाए। इस संबंध में उन्होंने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन भी सौंपा।

दी बनारस बार एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री नित्यानंद राय ने बताया कि श्री काशी विश्वनाथ मंदिर से जुड़े सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और निजी सुरक्षा कर्मियों के नाम तथा उनकी आय सार्वजनिक की जानी चाहिए। साथ ही मंदिर प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों की संपत्तियों की भी जांच होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि जिस तरह अयोध्या में राम मंदिर के चंदे और चढ़ावे को लेकर विभिन्न बातें देश के सामने आई हैं, उसी प्रकार श्री काशी विश्वनाथ धाम के निर्माण से लेकर अब तक प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों की आय और संपत्ति की भी जांच कराई जानी चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित