वाराणसी , फरवरी 23 -- केंद्र सरकार के पर्यटन मंत्रालय के सचिव डॉ. श्रीवत्स कृष्णा सोमवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे और भगवान श्री विश्वनाथ (विश्वेश्वर) के दर्शन किए। इस अवसर पर उन्होंने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर देश और प्रदेश की समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।

दर्शन के उपरांत डॉ. कृष्णा ने सम्पूर्ण कॉरिडोर क्षेत्र का भ्रमण किया और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं का पर्यटन की दृष्टि से विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने व्यवस्थाओं, स्वच्छता, सुगमता और श्रद्धालु-सेवाओं की सराहना करते हुए धाम को आध्यात्मिक पर्यटन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।

काशी और प्रयागराज के बीच विकसित धार्मिक एवं सांस्कृतिक नवाचार की कड़ी में उन्होंने धाम परिसर स्थित श्री कुम्भेश्वर महादेव मंदिर के भी दर्शन किए। उन्हें बताया गया कि श्री कुम्भेश्वर महादेव के दर्शन से श्रद्धालुओं को कुम्भ स्नान के समान पुण्य प्राप्त होता है। इस आध्यात्मिक महत्व को जानकर उन्होंने श्रद्धा भाव से आराधना की।

इसी क्रम में उन्होंने धाम स्थित श्री सत्यनारायण जी के विग्रह के समीप नव-निर्मित कक्ष में स्थापित पंचबदन प्रतिमा के दर्शन कर आरती में भाग लिया और प्रसन्नता व्यक्त की। इस दौरान मंदिर प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों ने उन्हें धाम की व्यवस्थाओं और चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित