रायपुर , जून 07 -- छत्तीसगढ़ क्रिकेट के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि के रूप में राजधानी रायपुर के युवा बल्लेबाज आयुष पांडे का चयन आगामी श्रीलंका दौरे के लिए भारत ए टीम में किया गया है। घरेलू क्रिकेट और रणजी ट्रॉफी में लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन के आधार पर उन्हें यह अवसर मिला है।

22 वर्षीय आयुष पांडे प्रदेश के उभरते हुए सलामी बल्लेबाजों में शामिल हैं। हाल के सत्रों में उन्होंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में अपनी बल्लेबाजी से चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया। रणजी ट्रॉफी में दिल्ली के खिलाफ खेली गई उनकी 183 रन की शानदार पारी को उनके करियर की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में माना जा रहा है। आयुष ने अब तक 19 प्रथम श्रेणी मैचों की 34 पारियों में 1430 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से चार शतक और पांच अर्धशतक निकले हैं। वहीं लिस्ट-ए क्रिकेट में उन्होंने छह मैचों की छह पारियों में 44.66 की औसत से 268 रन बनाए हैं, जिसमें दो अर्धशतक शामिल हैं। टी-20 प्रारूप में भी आयुष ने नौ मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने 100 रन बनाए हैं। घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छे प्रदर्शन का ही परिणाम है कि उन्हें भारत ए टीम में जगह मिली है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित