रायपुर , जून 13 -- छत्तीसगढ़ की उभरती क्रिकेट प्रतिभा महक नरवासे को भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम के आगामी श्रीलंका दौरे के लिए टी-20 और वनडे दोनों प्रारूपों में उपकप्तान नियुक्त किया गया है। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को उन्हें सम्मानित कर शुभकामनाएं दीं।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने महक नरवासे को शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री गिरीराज सिंह तथा सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महक की उपलब्धि केवल उनके परिवार या राजनांदगांव जिले तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियां खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बना रही हैं।

उन्होंने कहा कि महक ने अपने परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के बल पर यह मुकाम हासिल किया है, जो प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणादायी है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि वह आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य और देश का नाम रोशन करेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। महक का भारतीय अंडर-19 महिला टीम की उपकप्तान के रूप में चयन प्रदेश में विकसित हो रहे खेल वातावरण का सकारात्मक परिणाम है।

महक नरवासे ने सम्मान और शुभकामनाओं के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में उनके पिता राधेश्याम नरवासे, राजनांदगांव महापौर मधुसूदन यादव, कोच मनोज तिवारी तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित