चेन्नई , फरवरी 21 -- बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कल का निम्न दबाव क्षेत्र कमजोर पड़ते हुए श्रीलंका की ओर बढ़ गया है, जबकि उसी क्षेत्र में शनिवार को एक नया निम्न दबाव क्षेत्र बन गया।

मौसम विभाग ने आज जारी अपने बुलेटिन में बताया कि भूमध्यरेखीय हिंद महासागर और उससे सटे दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से तड़के 05.30 बजे एक नया निम्न दबाव क्षेत्र बना है। इससे जुड़ा ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर तक फैला हुआ है।

विभाग के अनुसार यह तंत्र अगले 24 घंटों के दौरान पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ेगा और पहले से ज्यादा सशक्त होगा। वहीं, कल का निम्न दबाव क्षेत्र कमजोर होकर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ते हुए श्रीलंका की तरफ चला गया है। इस तंत्र के प्रभाव से चेन्नई के उत्तरी तटीय इलाकों और आसपास के जिलों में अगले दो दिनों तक वर्षा होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने कहा कि कल दक्षिण तमिलनाडु के कई स्थानों पर तथा उत्तर तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल क्षेत्र के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके अलावा, कल कन्याकुमारी, तिरुनेलवेली, तूथुकुडी, तेनकासी, विरुधुनगर, डिंडीगुल, मदुरै और थेनी जिलों के कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की चेतावनी दी गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित