जयपुर , मई 13 -- श्रीराम जनरल इंश्योरेंस कंपनी (एसजीआई) ने वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही (जनवरी-मार्च ) में अच्छा प्रदर्शन करते हुए प्रीमियम से होने वाली आय में 21 प्रतिशत की वृद्धि की हैं।

श्रीराम जनरल इंश्योरेंस कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनिल अग्रवाल ने बुधवार को यहां मीडिया को यह जानकारी देते हुए बताया कि कंपनी का ग्रोस डायरेक्ट प्रीमियम (जीडीपी) इस अवधि में गत वित्त वर्ष की समान तिमाही के 1099 करोड़ रुपये के मुकाबले 21 प्रतिशत बढ़कर 1332 करोड़ रुपये रहा है। यह इंडस्ट्ररी की ग्रोथ 11 प्रतिशत के मुकाबले काफी अधिक है।

उन्होंने बताया कि यह वृद्धि प्रमुख रूप से कंपनी के मोटर इंश्योरेंस पोर्टफोलियो की वजह से रही है। पूरे वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान ग्रोस डायरेक्ट प्रीमियम गत वित्त वर्ष के 3753 करोड़ रुपये के मुकाबले 24 प्रतिशत बढ़कर 4636 करोड़ रुपये रहा। यह इंडस्ट्री की ग्रोथ नौ प्रतिशत के मुकाबले करीब ढाई गुना है। यह श्रीराम जनरल इंश्योरेंस को देश में प्राइवेट जनरल इंश्योरेंस कंपनी के रूप में सबसे तेजी से बढ़ती कंपनी बनाता है।

श्रीराम जनरल इंश्योरेंस की निवेश आय 2025-26 की चौथी तिमाही में गत वित्त वर्ष की समान तिमाही के 13 प्रतिशत के मुकाबले 22 प्रतिशत बढ़ी। कंपनी का मुनाफे वाली ग्रोथ पर फोकस करने का परिणाम यह रहा कि इसका शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 28 प्रतिशत बढ़कर गत वित्त वर्ष की चौथी तिमाही के 130 करोड़ रुपये के मुकाबले 167 करोड़ रुपये हो गया।

वित्त वर्ष 2025-26 का कुल शुद्ध मुनाफा 17 प्रतिशत बढ़कर 515 करोड़ रुपये के मुकाबले 601 करोड़ रुपये रहा। बोर्ड ने 53 प्रतिशत अंतिम लाभांश भुगतान को मंज़ूरी दी है, जिससे इस वित्त वर्ष के लिए कुल लाभांश भुगतान 162 प्रतिशत हो गया है। गत वित्त वर्ष में एसजीआई ने कुल 140% लाभांश घोषित किया था।

उन्होंने बताया कि कंपनी का समझदारी भरा 'फिजिटल' मॉडल इसकी लगातार हो रही वृद्धि का एक अहम ज़रिया बना हुआ है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान 19 हजार,221 नए फाइनेंशियल एडवाइज़र जोड़े जो पिछले साल के मुकाबले 18 प्रतिशत ज़्यादा हैं। अभी एडवाइज़रों की कुल संख्या एक लाख पांच हजार 675 है। ब्रांच नेटवर्क एक साल पहले के 279 से बढ़कर 289 हो गया है।

श्री अग्रवाल ने बताया कि गत मार्च तक एक्टिव पॉलिसीज़ बढ़कर 69 लाख हो गई हैं जबकि गत वर्ष यह संख्या 65 लाख थी। उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 का हमारा प्रदर्शन हमारे बिजनेस मॉडल की मजबूती और लाभप्रद एवं टिकाऊ ग्रोथ को दर्शाता है। बाजार के प्रतिस्पर्धी महौल के बावजूद हमने लगातार चौथे वर्ष इंडस्ट्री ग्रोथ से कहीं बेहतर प्रदर्शन किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित