पटना , मार्च 27 -- भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रामनवमी के अवसर पर शुक्रवार को कहा कि प्रभु श्रीराम आस्था के साथ मर्यादा, आदर्श और भारतीय संस्कृति के भी सबसे बड़े प्रतीक हैं।
श्री नवीन ने आज संवाददाताओं से कहा कि रामनवमी का यह पावन अवसर समाज को एकजुटता, सेवा और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण का संदेश देता है। सभी को प्रभु श्रीराम के आदर्शों पर चलने का संकल्प लेना चाहिए और देश को आगे बढ़ाने में अपना योगदान देना चाहिए।
इससे पहले भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नवीन ने राजधानी पटना में श्री राम नवमी शोभा यात्रा का अभिनंदन किया और श्री राम का पूजन किया।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नवीन ने आज रामनवमी के पावन अवसर पर बिहार के पटना स्थित डाकबंगला चौराहे पर आयोजित 'श्री रामनवमी शोभा यात्रा अभिनंदन समिति' के भव्य कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी के साथ राज्य सरकार के अन्य वरिष्ठ मंत्री तथा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेता उपस्थित थे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और श्रद्धालूओं ने उत्साह और श्रद्धा के साथ भाग लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित