नयी दिल्ली , सितंबर 20 -- राजधानी में विभिन्न रामलीला समितियों की ओर से रविवार को आज भूमि पूजन एवं ध्वजारोहण के साथ श्रीरामलीला महोत्सव की तैयारियों का शुभारंभ हो गया। इसी क्रम में ऐतिहासिक लव कुश रामलीला समिति की ओर से लाल किले के सामने स्थित लव कुश पार्क में भव्य भूमि पूजन एवं ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया।

इस अवसर पर चांदनी चौक के सांसद प्रवीन खंडेलवाल तथा दक्षिण दिल्ली के सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के मध्य भूमि पूजन किया। दोनों नेताओं ने भगवान श्रीराम, माता सीता, प्रभु लक्ष्मण और भगवान श्रीहनुमान जी का पूजन-अर्चन कर उनका तिलक किया तथा श्रीहनुमान ध्वज को स्थापित कर दिल्ली के रामलीला महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया।

समारोह में लव कुश रामलीला समिति के अध्यक्ष सुभाष गोयल, महासचिव अर्जुन कुमार सहित दिल्ली के अनेक गणमान्य नागरिक, सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र के प्रमुख प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

श्री खंडेलवाल ने कहा कि रामलीला केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय जीवन मूल्यों, आदर्शों, मर्यादा, कर्तव्यनिष्ठा और धर्म के प्रति समर्पण का जीवंत उत्सव है। भगवान श्रीराम का जीवन सत्य, न्याय, करुणा और लोककल्याण का संदेश देता है, जो आज भी उतना ही प्रासंगिक है जितना हजारों वर्ष पूर्व था।

उन्होंने कहा कि दिल्ली की रामलीलाएं देश की सांस्कृतिक विरासत का गौरवशाली प्रतीक हैं, जो नयी पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और राष्ट्रभक्ति से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करती हैं। रामलीला महोत्सव सामाजिक समरसता, पारिवारिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता को भी सुदृढ़ करता है।

श्री बिधूड़ी ने कहा कि भगवान श्रीराम भारतीय संस्कृति की आत्मा हैं और रामलीला के माध्यम से उनके आदर्शों का प्रसार समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। उन्होंने सभी नागरिकों से रामलीला महोत्सव में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।

लव कुश रामलीला समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष का रामलीला महोत्सव भव्य और आकर्षक स्वरूप में आयोजित किया जाएगा, जिसमें आधुनिक तकनीक के साथ-साथ पारंपरिक सांस्कृतिक एवं धार्मिक मूल्यों का समन्वय देखने को मिलेगा।

कार्यक्रम के समापन पर देश, समाज एवं विश्व के कल्याण, शांति, समृद्धि और सनातन संस्कृति की निरंतर उन्नति के लिए विशेष प्रार्थना की गई। भूमि पूजन के साथ ही राजधानी दिल्ली में आगामी श्रीरामलीला महोत्सवों की औपचारिक शुरुआत हो गई है और अब पूरे उत्साह एवं श्रद्धा के साथ तैयारियों का क्रम प्रारंभ हो गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित