अलवर , मार्च 28 -- राजस्थान में अलवर सकल जैन समाज की ओर से 30 मार्च से एक अप्रैल तक होने वाले श्री महावीर जयंती महोत्सव में कई कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे ।
इसमें भव्य स्वर्ण रथ यात्रा सहित मैजिक शो, पालना झूलना एवं भजन संध्या, भक्ति संध्या ,रक्तदान शिविर, भक्ति और वैराग्य गाथा का महामंचन मुख्य आकर्षण का केंद्र होंगे।
महावीर जयंती महोत्सव समिति के अध्यक्ष अनिल कुमार पलावत ने शनिवार को पत्रकारों को बताया कि महावीर जयंती की पूर्व संध्या पर 29 मार्च को शाम साढ़े छह बजे श्री जैन तीर्थंकर युवा समिति द्वारा मन्नी का बड़ स्थित अहिंसा स्थल पर 1008 दीपों से दिव्या दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर कई कार्यक्रम सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।
उन्होंने बताया कि 30 मार्च को सुबह सभी जैन मंदिरों से प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसके बाद अभिषेक शांति धारा का कार्यक्रम आयोजित होगा। सुबह आठ बजे भगवान महावीर के स्वर्ण रथ की बोलियां एवं श्री जी को रथ में विराजमान किया जाएगा। नौ बजे मुंशी बाजार स्थित जैन मंदिर से स्वर्ण रथ यात्रा प्रारंभ होगी जो शहर के विभिन्न बाजारों से होती हुई जैन नसिया जी पहुंचेगी और इस दौरान कई स्थानों पर रथ यात्रा का भव्य स्वागत किया जायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित