श्रीगंगानगर , सितम्बर 25 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले की श्रीबिजयनगर नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में शुक्रवार को कांग्रेस प्रत्याशी सुशील कुमार मिड्डा 15 मत पाकर विजयी घोषित किये गये।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के निवर्तमान अध्यक्ष राजेंद्र लेघा को 10 मत मिले। पांच मतों के अंतर से हुई इस जीत के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गयी । उन्होंने मिठाई बांटकर और नारे लगाकर जश्न मनाया।
यह चुनाव सामान्य नहीं था। गत 21 सितंबर को अध्यक्ष के चुनाव के दिन गोलीबारी, तीन कांग्रेस पार्षदों के कथित अपहरण, पत्थरबाजी, पुलिसकर्मियों के घायल होने और जोधपुर उच्च न्ययालय के दखल के बाद नतीजे चार दिन बाद आज घोषित किये गये।
तहसील कार्यालय सभागार में पूर्वाह्न 11 बजे शुरू हुई मतगणना में सुशील मिड्डा को 15 और राजेंद्र लेघा को 10 मत मिले। नगरपालिका के कुल 25 वार्डों में कांग्रेस के 11, भाजपा के 10 और चार निर्दलीय पार्षद चुने गये थे। सूत्रों के अनुसार अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा पक्ष से कम से कम दो मतकांग्रेस के पक्ष में गये जिससे जीत का अंतर बढ़ गया।
भाजपा ने निर्दलीय पार्षदों में से दो को अपने पक्ष में कर लिया था। इसी वजह से 22 सितंबर को हुए उपाध्यक्ष चुनाव में भाजपा प्रत्याशी सतीश को 12 मत मिले थे, लेकिन अध्यक्ष चुनाव में दो भाजपा पार्षदों के भीतरघात से समीकरण बदल गये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित