जयपुर , मार्च 28 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पश्चिम एशिया के घटनाक्रमों के मद्देनज़र सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों और केंद्र शासित प्रदेशों के उपराज्यपालों के साथ ली गई बैठक में प्रदत्त निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए राजस्थान में मुख्य सचिव वी श्रीनिवास ने शनिवार को यहां प्रदेश में एलपीजी, पेट्रोल, डीजल, उर्वरक आपूर्ति सहित विभिन्न मुद्दों पर सभी विभागाध्यक्षों की बैठक ली।
श्री श्रीनिवास ने कहा कि प्रदेश में एलपीजी, पेट्रोल, डीजल, उर्वरकों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। आमजन को इनकी आपूर्ति के संबंध में चिंतित होने की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने वर्तमान परिस्थितियों में आमजन को अधिकतम राहत देने के लिए सभी संबंधित विभागों को अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन करने के लिए निर्देशित किया गया है। उन्होंने कहा कि देश में एलपीजी का उत्पादन बढ़ने एवं पश्चिम एशिया के अतिरिक्त अन्य क्षेत्रों से आपूर्ति बढ़ने से स्थिति में ओर अधिक सुधार हुआ है। घरेलू उपभोक्ताओं, शैक्षणिक संस्थानों, अस्पतालों को एलपीजी की सुचारू आपूर्ति ज़ारी रखने के साथ अब व्यवसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति भी शुरू हो चुकी है।
मुख्य सचिव ने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रदेश में उर्वरकों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। अतः किसानों को यूरिया, डीएपी सहित उर्वरकों की आपूर्ति में कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए। संबंधित अधिकारी इस विषय पर निरंतर बैठकें लेकर स्थिति की प्रभावी मॉनिटर करें। नैनो यूरिया, बायो उर्वरकों के इस्तेमाल को भी प्रोत्साहन दें। उर्वरकों के भंडारण का प्रभावी प्रबंध किया जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित