जयपुर , जुलाई 30 -- राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने युवाओं को समयबद्ध रोजगार उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए भर्ती प्रक्रियाओं में तेजी लाकर पात्र अभ्यर्थियों को शीघ्र नियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं।
श्री श्रीनिवास गुरुवार को शासन सचिवालय में वर्ष 2026 के भर्ती परीक्षा कैलेंडर तथा आगामी रोजगार उत्सव में संभावित नियुक्तियों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया के प्रत्येक चरण को निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाये। लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करते हुए दस्तावेज सत्यापन, परिणाम घोषणा तथा नियुक्ति आदेश जारी करने की प्रक्रिया में तेजी लायी जाये, ताकि पात्र अभ्यर्थियों की नियुक्ति में अनावश्यक विलंब नहीं हो।
उन्होंने राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी), राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (आरएसएसबी) तथा संबंधित विभागों के बीच प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया, जिससे भर्ती प्रक्रियाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण हो सकें और पात्र अभ्यर्थियों को समय पर नियुक्ति मिल सके। उन्होंने सभी विभागों को आगामी रोजगार उत्सव में अधिकतम पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करने की दिशा में कार्य करने के भी निर्देश दिये।
बैठक में राज्य द्वारा बड़े पैमाने पर संचालित भर्ती प्रक्रियाओं की विस्तृत समीक्षा की गयी और इस दौरान 24 हजार 752 सफाई कर्मचारी, 10 हजार 644 कनिष्ठ सहायक एवं क्लर्क ग्रेड-द्वितीय, छह हजार पुलिस कांस्टेबल, 3500 शिक्षण सहयोगी, 3430 ग्राम विकास अधिकारी, 1100 कृषि पर्यवेक्षक, 3000 जूनियर टेक्निकल सुपरवाइजर (जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग), 2000 नर्सिंग एवं पैरामेडिकल, 1548 आयुष विभाग, 1100 पशु चिकित्सा अधिकारी, 1059 सहायक अभियंता तथा 774 जूनियर अभियंता सहित विभिन्न भर्ती प्रक्रियाओं की प्रगति, परीक्षा कार्यक्रम, परिणाम, दस्तावेज सत्यापन एवं आगामी कार्ययोजना की समीक्षा की गयी।
मुख्य सचिव ने विशेष रूप से आगामी रोजगार उत्सव में संभावित नियुक्तियों की तैयारियों के बारे में चर्चा की। इस दौरान चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती, शिक्षक ग्रेड-तृतीय, संस्कृत शिक्षा विभाग की शिक्षक भर्ती, पुस्तकालयाध्यक्ष, जेल प्रहरी, एनएचएम तथा बस परिचालक और अन्य अंतिम चरण की भर्ती प्रक्रियाओं की समीक्षा की गयी। उन्होंने निर्देश दिये कि अंतिम चरण में पहुंच चुकी किसी भी भर्ती में अनावश्यक विलंब नहीं हो तथा दस्तावेज सत्यापन, परिणाम घोषणा एवं नियुक्ति आदेश जारी करने की प्रक्रिया में तेजी लाकर आगामी रोजगार उत्सव में अधिकतम पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किये जायें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित