श्रीनगर , अक्टूबर 01 -- जम्मू-कश्मीर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की श्रीनगर टीम ने एक बीज विक्रेता से 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगने और स्वीकार करने के आरोप में कृषि विभाग के एक उप निदेशक और उनके सहयोगी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
अधिकारियों के अनुसार, आरोपी लोक सेवक की पहचान कृषि उप निदेशक (कानून प्रवर्तन) नसीर अहमद खान के रूप में हुई है, जबकि उसके कथित बिचौलिये की पहचान श्रीनगर के कमरवारी निवासी मोहम्मद ओवैस भट्ट के रूप में की गयी है। एसीबी को एक बीज विक्रेता से लिखित शिकायत मिली थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि अधिकारी नसीर अहमद खान ने उसकी दुकान पर पौधे के बीज बेचने की अनुमति देने के एवज में दो लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता ने मजबूरी में एक लाख रुपये पहले ही दे दिये थे, जबकि बाकी बची राशि को 50-50 हजार रुपये की दो किस्तों में चुकाने पर सहमति बनी थी।
शिकायत के आधार पर एसीबी ने मामले का प्राथमिक सत्यापन कराया, जिसमें अवैध रिश्वत मांगने के आरोपों की पुष्टि हुई। इसके बाद एसीबी थाना श्रीनगर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 और 7ए तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।
एसीबी ने 30 सितंबर को एक विशेष ट्रैप टीम का गठन किया। योजनाबद्ध कार्रवाई के दौरान अधिकारी खान और उसके बिचौलिये भट्ट को शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। एसीबी ने उनके कब्जे से रिश्वत की रकम बरामद कर दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक चिकित्सीय और कानूनी प्रक्रियाओं के बाद दोनों आरोपियों को सुरक्षित हिरासत के लिए श्रीनगर के शहीद गंज पुलिस स्टेशन में रखा गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित