श्रीनगर , जनवरी 29 -- उत्तराखंड के पौड़ी गढवाल जिले में गुरुवार को कोतवाली श्रीनगर अदिति वैडिंग प्वाईंट के पास कुछ बाहरी युवकों ने स्थानीय लोगों के साथ मारपीट की घटना को अंजाम दिया जो दो कार में सवार थे। पुलिस ने मारपीट की घटना में संलिप्त सातों युवकों को गिरफ्तार कर लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कुछ स्थानीय युवकों से वाहन ओवर टेकिंग करने के चलते विवाद हो गया था जिससे दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौच एवं मारपीट की स्थिति बन गई थी। सूचना मिलते ही कोतवाली श्रीनगर पुलिस मौके पर पहुँची और स्थिति को नियंत्रित किया। प्राथमिक जांच में यह तथ्य सामने आया कि विवाद में बाहरी युवकों द्वारा स्थानीय युवकों के साथ हाथापाई की गई।

पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मारपीट में संलिप्त बाहरी युवकों को गिरफ्तार कर उनके वाहनों को जब्त कर लिया और युवकों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्यवाही कर न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जा रहा है। पुलिस द्वारा इस मामले में गहनता से जांच कर सीसीटीवी कैमरों आदि को खंगाला जा रहा है। शांति भंग कर अराजकता फैलाने वाले युवकों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

पुलिस अधिकारी ने बताया आरोपियों के नाम अजय उबास (27) पुत्र रोहतास, निवासी- पुरखुर्द, थाना बवावा, दिल्ली,अभिषेक कौशिक (27) पुत्र राजेश कौशिक, निवासी-प्रहलादपुर बांगर थाना सहबाद डेरी दिल्ली, विपिन मंद्रवाल (27) पुत्र राजेश मंद्रवाल, निवासी- भानियावाला, थाना डोईवाला, देहरादून उत्तराखंड, विशाल वत्स (25) पुत्र अनिल कुमार, निवासी- निठारी थाना अमन विहार दिल्ली, आकाश डबास (26) पुत्र प्रदीप कुमार, निवासी- लाडपुर थाना- कंजावला दिल्ली, सागर (26) पुत्र हरिओम, निवास- कंजावला दिल्ली और मनीष (25) पुत्र सुरेन्द्र, निवासी- छोटूराम पार्क प्रहलादपुर, थाना- सहबाद डेरी दिल्ली है। सभी आरोपी स्थानीय लोगों के साथ मारपीट की घटना में संलिप्त पाये गये।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित