श्रीनगर , अगस्त 01 -- जम्मू-कश्मीर पुलिस ने शनिवार को श्रीनगर के खानयार इलाके में एक नहर से शव मिलने के छह घंटे के भीतर ही बिना सुराग वाले हत्याकांड का खुलासा कर इस मामले में एक महिला और उसके पुत्र को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि 30 जुलाई को खानयार थाने को सूचना मिली था कि कि बाबा दाऊद खाकी पुल के नीचे बाबादेम्ब नहर में बोरी में लिपटा एक अज्ञात शव पड़ा है। इसके बाद, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 और 238 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गयी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों की देखरेख में एक विशेष जांच टीम (एसआईटी ) गठित की गयी।
पुलिस ने बताया कि लगातार जांच और सबूतों की पुष्टि के बाद, पुलिस ने आरोपियों की पहचान हलीमा बानो और उसके पुत्र मोमिन अहमद के तौर पर की, जो मूल रूप से कुपवाड़ा जिले के माचिल के रहने वाले हैं और अभी रैनावाड़ी के मुगल मोहल्ला में किराए पर रह रहे थे। पुलिस ने बताया कि अपराध के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी श्रीनगर से भाग गए थे , हालांकि जांच टीम ने उपलब्ध सुरागों का पीछा किया और कुछ ही घंटों में उन्हें कुपवाड़ा के लोलाब से ढूंढ निकाला और गिरफ्तार कर लिया। मृतक की पहचान हवाल के कलंतपोरा निवासी नजीर अहमद भट के तौर पर हुई।
जांच से पता चला कि कथित तौर पर पैसों के विवाद के बाद आरोपियों के किराए के घर में भट की हत्या कर दी गयी थी। बाद में अपराध को छिपाने और सबूत मिटाने के लिए उसके शव को बाबादेम्ब नहर में फेंक दिया गया था। कई अहम सबूत बरामद किये गये हैं, जबकि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित