अलवर , मार्च 10 -- जम्मू कश्मीर के श्रीनगर में शहीद हुए राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले के मुंडावर के जवान नितेश कुमार का पार्थिव शरीर मंगलवार को उनके पैतृक गांव या गया जहां सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार चार वर्ष के बेटे ने अपने पिता को मुखाग्नि दी।

रामसिंहपुरा निवासी पूर्व सैनिक अभय सिंह ने बताया कि उनके पुत्र नितेश कुमार श्रीनगर के गुलमर्ग में ट्रांजिट कैंप में तैनात थे। आठ मार्च की शाम पांच बजे नितेश की यूनिट के मेजर ने फोन करके बताया कि गुलमर्ग में नितेेश की गाड़ी चढ़ाई पर थी। इस दौरान उनका पैर फिसल गया। जिससे नितेश के सीने पर गंभीर चोट आ गई। साथी जवान उन्हें तुरंत श्रीनगर के सैन्य अस्पताल ले गये जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अभय सिंह ने बताया- नितेश कुमार 2017 में सेना में भर्ती हुए थे। 2021 में उनकी शादी हुई थी। उनका एक चार वर्ष का बेटा है। उसका नाम शान है। नितेश के दो भाई है। जिसमें विजय कुमार सेना में कार्यरत हैं। जबकि विक्रम कुमार किसान हैं।

सुबह उनकी पार्थिव देह गांव पहुंची तो अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा और जनप्रिनिधि मौके पर पहुंचे। हर आंख नम थी और माहौल देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।

शहीद के सम्मान में क्षेत्र के युवाओं ने मोटर साइकिल रैली निकालकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। रैली के दौरान 'भारत माता की जय' और 'शहीद नितेश कुमार अमर रहें' के नारों से पूरा इलाका गूंजता रहा। लोगों ने तिरंगे के साथ शहीद को अंतिम सलामी दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित