श्रीनगर , मार्च 17 -- उत्तराखंड में श्रीनगर के वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली राजकीय आयुर्विज्ञान एवं अनुसंधान संस्थान में फैकल्टी और चिकित्सा पदों पर बड़ी भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। संस्थान की ओर से कुल 93 पदों पर नियुक्ति के लिए आगामी 23 मार्च को 'वॉक-इन-इंटरव्यू' आयोजित किया जाएगा।

संस्थान के प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना ने मंगलवार को कहा कि मेडिकल कॉलेज में विभिन्न विभागों में विशेषज्ञ डॉक्टरों और शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए यह भर्ती की जा रही है। उन्होंने कहा कि संस्थान में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए योग्य विशेषज्ञों की नियुक्ति जरूरी है। वॉक-इन-इंटरव्यू के माध्यम से पारदर्शी और त्वरित चयन किया जाएगा।

अभ्यर्थियों का साक्षात्कार देहरादून स्थित एच.एन.बी. उत्तराखंड मेडिकल एजुकेशन यूनिवर्सिटी, न्यू सेंट्रल होप टाउन में होगा। अभ्यर्थियों का पंजीकरण उसी दिन अपराह्न एक बजे तक किया जाएगा।

मेडिकल कॉलेज में विभिन्न विभागों में रिक्त चले रहे पदों के अनुसार, प्रोफेसर के 12, एसोसिएट प्रोफेसर के 32, असिस्टेंट प्रोफेसर के 48 और लेडी मेडिकल ऑफिसर का एक पद भरा जाएगा। ये सभी नियुक्तियां संविदा के आधार पर होंगी, जिन्हें हर वर्ष नवीनीकृत किया जाएगा। अधिकतम कार्यकाल तीन वर्ष या नियमित नियुक्ति होने तक निर्धारित किया गया है।

भर्ती में जनरल मेडिसिन, सर्जरी, पीडियाट्रिक्स, ऑर्थोपेडिक्स, कार्डियोलॉजी, न्यूरोसर्जरी, एनेस्थीसिया, रेडियोलॉजी सहित कई प्रमुख विभाग शामिल हैं। वेतनमान भी आकर्षक रखा गया है, जिसमें सामान्य पदों के लिए प्रोफेसर को लगभग 2.96 लाख रुपये प्रति माह तक वेतन मिलेगा, जबकि सुपर स्पेशियलिटी पदों पर यह राशि 4.40 लाख रुपये प्रति माह तक है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित