पौड़ी , मई, 23 -- उत्तराखंड में श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में शनिवार को शिक्षा, खेल और सड़क विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं को नई गति मिली। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करते हुए कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने, खेल सुविधाओं के विस्तार तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
दौरे के दौरान मंत्री ने राजकीय इंटर कॉलेज श्रीनगर में पर्सनलाइज्ड एडैप्टिव लर्निंग लैब और अटल लैब का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति के तहत विद्यार्थियों को तकनीक आधारित शिक्षा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। इन लैब्स के माध्यम से छात्र-छात्राओं को विज्ञान, रोबोटिक्स और डिजिटल शिक्षा का व्यावहारिक अनुभव मिलेगा, जिससे उनका शैक्षणिक और तकनीकी विकास होगा।
इसके बाद मंत्री ने सीडीएस बिपिन सिंह रावत स्टेडियम, श्रीकोट-गंगानाली में निर्माणाधीन एथलेटिक्स सिंथेटिक ट्रैक का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए और कहा कि प्रदेश के युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धाओं के लिए तैयार किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित