पौड़ी , जुलाई, 19 -- उत्तराखंड में श्रीनगर नगर क्षेत्र के लोगों को जल्द ही आधुनिक सिटी बस सेवा की सुविधा मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा शहरी सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल की गई है। इससे आमजन, छात्र-छात्राओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों तथा दैनिक यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।
रविवार को जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की पहल पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत क्रय समिति द्वारा जैम (जीईएम) पोर्टल के माध्यम से टाटा मोटर्स की 30-सीटर सिटी बस खरीदी जा रही है। बस की कुल लागत 22 लाख 50 हजार 429 रुपये है। इसके लिए जिलाधिकारी के अनटाइड फंड से वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति भी प्रदान कर दी गई है।
जिलाधिकारी ने बताया कि बस को नगर निगम श्रीनगर को हस्तांतरित किया जाएगा, जिसके बाद नगर निगम इसके संचालन की जिम्मेदारी संभालेगा। सिटी बस सेवा शुरू होने से शहर के विभिन्न क्षेत्रों के बीच आवागमन आसान होगा तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और अन्य आवश्यक सेवाओं तक लोगों की पहुंच बेहतर होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित