गाजियाबाद , सितंबर 03 -- श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में श्रीदूधेश्वर नाथ मंदिर में भगवान लड्डू गोपाल का एक हजार नामों से सहस्रनाम अभिषेक किया जायेगा।

श्रीदूधेश्वरनाथ मठ मंदिर के पीठाधीश्वर एवं जूना अखाड़े के प्रवक्ता श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने गुरुवार को यहां एक वीडियो संदेश में यह जानकारी देते हुए बताया कि भगवान लड्डू गोपाल का दूध, दही, विभिन्न प्रकार के इत्र और फूलों से अभिषेक किया जायेगा। इसके बाद मक्खन-मिश्री का भोग लगाकर उनका विशेष श्रृंगार किया जायेगा।

उन्होंने बताया कि रात 12 बजे भगवान लड्डू गोपाल का प्रकटोत्सव मनाया जायेगा और मंदिर में भव्य झांकियां सजायी जायेंगी। उन्होंने गाजियाबाद सहित दिल्ली-एनसीआर के श्रद्धालुओं को दूधेश्वर नाथ मंदिर पहुंचकर कृष्ण जन्माष्टमी के इस विशेष आयोजन में शामिल होने का निमंत्रण दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित