श्रीगंगानगर , अप्रैल 25 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर रेलवे स्टेशन पर शनिवार को सुबह प्लेटफार्म पर जनरेटर सेट में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गयी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्लेटफार्म नंबर दो और तीन के बीच फुट ओवरब्रिज का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान प्लेटफार्म नंबर दो पर रखे 50 किलोवाट क्षमता वाले जनरेटर सेट में अचानक आग लग गयी। आग लगते ही पूरे स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। रेलवे कर्मचारी, निर्माण कार्य में लगे एक निजी कंपनी के मजदूरों और स्टेशन पर मौजूद यात्री सतर्क हो गये।
घटना का पता चलने पर उप स्टेशन अधीक्षक शंकरलाल ने तुरंत दमकल केंद्र को सूचना दी। दमकल केंद्र से दमकल कर्मी कुछ ही पलों में मौके पर पहुंच गये और करीब आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया। दमकल विभाग के अनुसार आग जनरेटर सेट की विद्युत तारों में शॉर्ट सर्किट होने के कारण लगी थी।
श्री शंकरलाल ने बताया कि कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन जनरेटर सेट पूरी तरह से जलकर खराब हो गया। अनुमानित क्षति लाखों रुपये में बतायी जा रही है। रेलवे प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल स्टेशन पर यातायात सामान्य है, लेकिन निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों पर सख्ती बरतने के निर्देश दिये गये हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित