श्रीगंगानगर , मई 28 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 47.01 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कल 48.2 डिग्री सेल्सियस की तुलना में एक डिग्री कम रहा।
मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान न्यूनतम तापमान 30.08 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कल से करीब एक डिग्री अधिक है। नौतपा के चौथे दिन दोपहर तक शहर में भीषण गर्मी रही। पूर्वाह्न 10 बजे ही तापमान 40 डिग्री पार कर गया था और सड़कें-बाजार सुनसान नजर आ रहे थे। लोग गर्म हवाओं से परेशान थे, कई लोग राहत के लिए नहरों की ओर पहुंचे। नगर परिषद की फायर ब्रिगेड गाड़ियां सड़कों पर पानी का छिड़काव कर रही थीं।
अपराह्न सवा चार बजे अचानक मौसम ने करवट ली। तेज हवाओं के साथ हल्की एवं मध्यम बारिश शुरू हुई। इसके तुरंत बाद करीब 20 मिनट तक बेर के आकार के ओले गिरे।
बारिश और ओलावृष्टि के बाद मौसम कुछ सुहाना हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली। आसमान में बादलों की आवाजाही जारी है। खुलकर बारिश न होने के कारण वातावरण में उमस बढ़ गयी है, जिससे पसीना छूट रहा है।
मौसम विभाग ने पहले ही श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ में बारिश की चेतावनी दी थी। विशेषज्ञों के अनुसार थार मरुस्थल और पाकिस्तान के बहावलपुर क्षेत्र से आने वाली गर्म हवाओं के कारण तापमान इतना बढ़ा था। किसानों में ओलों से फसलों को नुकसान होने की आशंका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित