श्रीगंगानगर , अक्टूबर 24 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में सेवानिवृत्ति के बाद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पेश आने वाली आम समस्याओं को चिन्हित करके उनके समाधान की ठोस योजना तैयार करने के उद्देश्य से अगले महीने श्रीगंगानगर में महत्वपूर्ण सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है।

राजस्थान सेवानिवृत्त पुलिस कर्मचारी कल्याण संघ के श्रीगंगानगर जिलाध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त पुलिस निरीक्षक कांतासिंह ढिल्लों ने शनिवार को बताया कि इस सम्मेलन में राजस्थान के अलावा मुख्य रूप से पंजाब के सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि 15 से 20 नवंबर के बीच श्रीगंगानगर में यह सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए उनके नेतृत्व में जिला संघ के पदाधिकारियों ने गुरुवार को पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब में पंजाब रिटायर्ड पुलिस वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष धर्मपाल शर्मा और अन्य पदाधिकारियों से बातचीत की। इस बैठक में पंजाब सेवानिवृत्त पुलिस कर्मचारी संगठन के अन्य पदाधिकारी, कई सेवानिवृत्त अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

श्रीगंगानगर संघ की ओर से सचिव एवं सेवानिवृत्त पुलिस निरीक्षक पुरुषोत्तम शर्मा के अलावा सुभाषचंद्र और सादुलशहर के सचिव श्योदत्तराम भी शामिल हुए।

श्री ढिल्लों ने बताया कि बैठक में यह बात उभरकर सामने आई कि विभिन्न राज्यों में सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की समस्याएं समान हैं। इनमें मुख्य रूप से पेंशन संबंधी विवाद, यात्रा भत्ते की समस्याएं और पुराने मामलों में अदालत में गवाही देने के लिए लंबी यात्राएं करने की परेशानियां शामिल हैं। सभी राज्यों की कई मांगें समान होने के कारण सामूहिक प्रयास जरूरी माना गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित