श्रीगंगानगर , मई 02 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में विधायक सेवा केंद्र में गुरुवार को हुए विवाद ने अब गंभीर रूप ले लिया है, जहां दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट के आरोप लगाए हैं।
राजस्थान शहरी अवसंरचना विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) के सहायक अभियंता जगनलाल बैरवा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक जयदीप बिहाणी और उनके समर्थकों पर बुरी तरह पिटाई और जातिसूचक गालियां देने के आरोप लगाए, वहीं विधायक ने भी अधिकारियों पर हाथापाई का आरोप लगाया है।
श्री बैरवा ने बताया कि उन्हें फोन करके विधायक सेवा केंद्र बुलाया गया था। वह एलएंडटी के परियोजना प्रबंधक शाहनबाज और इंजीनियर सोहम के साथ वहां पहुंचे। वहां पहुंचते ही विधायक गाड़ी में बैठे थे और बिना कुछ सुने उन्हें थप्पड़ मारना शुरू कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बाद जातिसूचक गालियां दी गईं और समर्थकों ने उन्हें नीचे गिराकर लात-घूंसों और पाइपों से पीटा। श्री बैरवा ने कहा कि मारपीट से उनकी एक आंख को नुकसान पहुंचा है और शरीर पर कई चोटें आई हैं।
उन्होंने विधायक द्वारा उन पर लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि वह खुद जाकर विधायक से मारपीट क्यों करेंगे। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मिलकर विधायक और उनके समर्थकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की बात कही है।
उधर इस घटना के बाद राज्यभर के अभियंताओं में आक्रोश फैल गया है। श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ सहित कई जिलों में इंजीनियरों ने सामूहिक अवकाश लेकर विरोध जताया। दलित संगठनों ने भी मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
विधायक जयदीप बिहाणी ने पहले अधिकारियों पर मारपीट का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा कि बिहाणी कॉलेज स्थित विधायक सेवा केंद्र में पेयजल समस्या को लेकर बैठक चल रही थी, जिसमें आरयूआईडीपी के एईएन जगन्नाथ बैरवा और एलएंडटी के परियोजना प्रबंधक मौजूद थे। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और आरोप है कि अधिकारियों ने तैश में आकर विधायक के साथ हाथापाई की, यहां तक कि उनके चेहरे पर थप्पड़ मारा, जिससे उनका चश्मा भी टूट गया।
घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई थी। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करके स्थिति को संभाला, जबकि सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची। अब पूरे मामले की जांच की मांग तेज हो गई है और दोनों पक्षों के आरोपों के बीच सच्चाई सामने आने का इंतजार किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित