श्रीगंगानगर , अगस्त 11 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के राशन विक्रेता संघ ने मंगलवार को जिला कलेक्टर को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपकर लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।

संघ के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि मार्च से राशन वितरण का कमीशन अब तक नहीं मिला है, जिससे विक्रेता आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि पिछले पांच महीनों से राशन वितरण का कमीशन लंबित है। कई विक्रेताओं को अपनी दुकानों का किराया, बिजली बिल, कर्मचारियों का वेतन और अन्य खर्च निकालने में भारी कठिनाई हो रही है।

उन्होंने कहा कि समय पर कमीशन न मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति बिगड़ रही है और कई लोगों पर कर्ज का बोझ बढ़ गया है। ज्ञापन में संघ ने मांग की है कि मार्च से लंबित राशन वितरण कमीशन का शीघ्र भुगतान किया जाए। साथ ही विक्रेताओं को उचित और समयबद्ध मानदेय का निर्धारण किया जाये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित