श्रीगंगानगर , जुलाई 08 -- राजस्थान के श्रीगंगानगर में राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष का चुनाव 11 वर्ष बाद 16 अगस्त को होगा।

चुनाव अधिकारी अशोक कुमार कलवानिया और सहायक चुनाव अधिकारी हेमन्त शर्मा ने बुधवार को यहां प्रेस वार्ता में बताया कि चुनाव से पहले सदस्यता अभियान चार अगस्त तक चलाया जाएगा। छह अगस्त को अस्थायी सदस्यता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। आठ अगस्त को अंतिम सदस्यता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। नौ अगस्त को चुनाव के लिये नामांकन प्रस्तुत किये जाएंगे और उसी दिन उम्मीदवार नाम वापस ले सकेंगे।

उन्होंने बताया कि इसके के बाद आवश्यक हुआ तो 16 अगस्त को सुबह आठ से अपराह्न चार बजे तक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में बनाए गए केंद्र पर मतदान कराया जाएगा।

गौरतलब है कि नर्सेज एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष का पिछला चुनाव 2015 में हुआ था। जानकारी के मुताबिक संगठन में नीचे से लेकर ऊपर तक भारी गुटबाजी और मतभेदों के चलते 11 वर्षों तक जिलाध्यक्ष का चुनाव नहीं हो सका। मौजूदा जिलाध्यक्ष रविंद्र शर्मा ने बताया कि वह पिछले काफी समय से चुनाव करवाने के लिए प्रयासरत थे। पिछले दिनों उन्होंने प्रदेश संगठन को इस बाबत लिखा था। प्रदेश संगठन की अनुमति मिलने पर चुनाव अधिकारियों की नियुक्ति कर दी गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित