श्रीगंगानगर , अगस्त 14 -- राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के शुक्रवार को श्रीगंगानगर जिले में आगमन के मद्देनजर जिला प्रशासन द्वारा पूरे जिले में वामपंथी दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं की व्यापक धरपकड़ किये जाने के खिलाफ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करके कड़ा आक्रोश व्यक्त किया।

माकपा के जिला सचिव वकील सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दोपहर में रेलवे स्टेशन के सामने स्थित पंचायती धर्मशाला से रोष जुलूस लेकर निकाला जो शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए जिला कलेक्ट्रेट पहुंचा।

प्रदर्शनकारियों ने कलेक्ट्रेट में प्रवेश करके जिला कलेक्टर के कार्यालय के ठीक सामने सभा आयोजित की। सभा को जिला सचिव वकील सिंह, अखिल भारतीय ग्रामीण एवं खेत मजदूर यूनियन की प्रदेशाध्यक्ष श्रीमती दुर्गा स्वामी, साधूसिंह, भोलूसिंह, विकास निम्मीवाल, नरेश शर्मा, कविता निहालिया और तुलसीदेवी समेत कई नेताओं ने संबोधित किया।

वक्ताओं ने कहा कि वे मुख्यमंत्री से मिलकर जिले की नहरों में पानी की भारी कमी, गांवों में मनरेगा के कार्य ठप होने, मजदूरों और विद्यार्थियों की समस्याओं से अवगत करवाना चाहते थे, लेकिन राज्य की भाजपा सरकार लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन करने पर उतारू हो गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित