श्रीगंगानगर , मार्च 25 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में बार संघ ने निर्माणाधीन नए बहुमंजिला न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं के लिए चैंबर न बनाए जाने के मुद्दे पर गहरी नाराजगी जताते हुए बुधवार को पूरे दिन कार्य स्थगित करने का फैसला लिया।
बार संघ के सचिव लक्ष्मण ने बताया कि पुरानी शुगर मिल वाली जगह पर तेजी से निर्माण चल रहा है, लेकिन पूरे कैंपस में अधिवक्ताओं के बैठने और काम करने के लिए चैंबरों का निर्माण पूरी तरह नजरअंदाज किया जा रहा है। बिना चैंबरों के नए न्यायालय परिसर में वकील अपना पेशा कैसे संचालित करेंगे, यह एक गंभीर सवाल है। इस मुद्दे को शासन-प्रशासन के समक्ष कई बार लिखित एवं मौखिक रूप से उठाया जा चुका है, लेकिन अब तक चैंबर निर्माण के लिए कोई बजट राशि स्वीकृत नहीं हुई है।
उन्होंने चिंता जताई कि इस वर्ष के अंत तक नए न्यायालय परिसर को चालू किए जाने की संभावना व्यक्त की जा रही है। साथ ही जिला कलेक्ट्रेट को भी पुरानी शुगर मिल वाली जगह पर बनी एक्साइज एंड टैक्स बिल्डिंग में स्थानांतरित करने की तैयारियां जोरों पर हैं। इन दोनों बातों को देखते हुए बार संघ ने कार्य स्थगन का निर्णय लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित