श्रीगंगानगर , मार्च 07 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में पुरानी शुगर मिल वाली जगह पर निर्माणाधीन मिनी सचिवालय परिसर में अत्याधुनिक तकनीक और हर सुविधा से युक्त विशाल ऑडिटोरियम का निर्माण किया जाएगा।
गीत-संगीत को समर्पित एवं स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने वाली संस्था आरडी बर्मन फैंस क्लब के संस्थापक संयोजक शैलेंद्रसिंह चौहान, अध्यक्ष एडवोकेट विनोद गोयल, कोषाध्यक्ष ललित डोडा और समन्वयक श्यामसुंदर गोस्वामी ने शनिवार को बताया कि श्रीगंगानगर में वर्षों से सार्वजनिक ऑडिटोरियम की भारी कमी महसूस की जा रही थी। अब इस निर्माण से न केवल शहरवासियों को बड़ी सुविधा मिलेगी, बल्कि स्थानीय कलाकारों, गायकों, नर्तकों और कार्यक्रम आयोजकों को भी बेहतरीन मंच मिल सकेगा।
उन्होंने बताया कि इसकी अनुमानित लागत करीब पांच करोड़ रुपये आयेगी। ऑडिटोरियम में करीब एक हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी और इसमें आधुनिक लाइटिंग, साउंड सिस्टम, ग्रीन रूम और कलाकारों के ठहरने की व्यवस्था भी होगी।
संस्था के सदस्यों ने बताया कि विधायक जयदीप बिहानी ने बताया है कि राज्य सरकार से ऑडिटोरियम निर्माण के लिए पांच करोड़ रुपये का बजट नगर विकास न्यास को स्वीकृत करा दिया गया है। न्यास के अधिकारी निर्माण शुरू करने की सभी औपचारिकताएं पूरी करने में जुटे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले वित्तीय वर्ष में निर्माण कार्य शीघ्र ही आरंभ हो जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित