श्रीगंगानगर , फरवरी 16 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में नगरपरिषद के अस्थाई सफाई कर्मचारियों ने वेतन न मिलने के कारण सोमवार सुबह से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी।
हड़ताल के कारण शहर के कई इलाकों में सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है और ट्रैक्टर-ट्रॉली आदि से कचरा उठाव का काम भी रुक गया है। कर्मचारियों का आक्रोश इतना बढ़ गया कि उन्होंने नगर परिषद परिसर में प्रदर्शन किया, जिसमें कई कर्मचारी शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे पूर्व पार्षद बंटी वाल्मीकि ने अधिकारियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह समस्या लंबे समय से चली आ रही है, लेकिन कोई समाधान नहीं निकाला जा रहा। बंटी वाल्मीकि ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली से कचरा उठाने वाले अस्थाई कर्मचारियों को पिछले पांच महीनों से ठेकेदार द्वारा वेतन नहीं दिया गया है। इसी तरह गलियों और नालियों की सफाई करने वाले कर्मचारियों का भी पिछले दो-तीन महीनों का वेतन बकाया है।
उन्होंने कहा कि इन कर्मचारियों को वैसे भी ठेकेदार द्वारा कटौती करने के बाद बहुत कम वेतन मिलता है और वह भी समय पर न मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति दयनीय हो गई है। परिवार चलाना मुश्किल हो रहा है और कई कर्मचारी कर्ज में डूब चुके हैं। वाल्मीकि ने जोर देकर कहा कि अगर जल्द ही वेतन का भुगतान नहीं किया गया तो हड़ताल और तेज होगी, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था पर और बुरा असर पड़ेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित