श्रीगंगानगर , जून 04 -- राजस्थान में संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर विभिन्न किसान संगठनों ने छह जून को जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करने का ऐलान किया है।
संगठनों ने गेहूं की खरीद की समय सीमा बढ़ाने और पर्याप्त मात्रा में बारदाना उपलब्ध करवाने की मुख्य मांग की है। आज श्रीगंगानगर में पंचायती धर्मशाला में आयोजित प्रेस वार्ता में किसान नेताओं ने कहा कि प्रशासन द्वारा गेहूं खरीद की समय सीमा नहीं बढ़ाई गई है और बारदाना उपलब्ध नहीं करवाया गया तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
किसान नेताओं ने बताया कि छह जून को सुबह सिंहसभा गुरुद्वारा में किसान, मजदूर और व्यापारी वर्ग के लोग एकत्र होंगे। इसके बाद संयुक्त रूप से कलेक्ट्रेट की ओर मार्च निकाला जाएगा।
संगठनों ने स्पष्ट किया कि मौजूदा समय सीमा बहुत कम होने के कारण किसान अपनी गेहूं की फसल नहीं बेच पा रहे हैं। इसके साथ ही बारदाने की कमी से भी उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित