श्रीगंगानगर , जनवरी 16 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर के जवाहरनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को तड़के इंदिरा वाटिका के सामने वाटर वर्क्स वाली रोड पर स्थित एक डिपार्टमेंटल स्टोर, एक टेलरिंग शॉप और पीछे वाली गली में एक सूने मकान को चोरों ने निशाना बनाया, लेकिन तीनों जगह उन्हें निराशा हाथ लगी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मोटरसाइकिल पर सवार होकर आये, चाेरों ने पहले दुकानों के ताले तोड़ने की कोशिश की, लेकिन डिपार्टमेंटल स्टोर के संचालक के परिवार द्वारा शोर मचाने पर भाग खड़े हुये। इसके बाद एक सूने मकान में घुसकर उन्होंने सारा सामान बिखेर दिया, लेकिन कोई कीमती वस्तु हाथ नहीं लगी। इसके अलावा चोरों ने डिपार्टमेंटल स्टोर के बगल में एक घर में भी घुसने का प्रयास किया गया, लेकिन वहां भी उन्हें कामयाबी नहीं मिली।

सुबह सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और डिपार्टमेंटल स्टोर संचालक तथा पड़ोसियों से पूछताछ की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जुटायी, जिसमें तीन युवक चोरी का प्रयास करते और शोर होने पर मोटरसाइकिल पर भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने बताया कि चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिये गये हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित