श्रीगंगानगर , जून 10 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नहरी पानी की अघोषित कटौती और किसानों की बकाया पड़ी गेहूं की सरकारी खरीद न होने के मुद्दे को लेकर बुधवार को आक्रोश मार्च निकालकर प्रदर्शन किया।

कांग्रेस के जिलाध्यक्ष एवं विधायक रूपेंद्रसिंह कुनर, सांसद कुलदीप इंदौरा और विधायक सोहन नायक के संयुक्त नेतृत्व में निकाला गया। मार्च भगतसिंह चौक स्थित सांसद के सरकारी आवास से शुरू होकर कलेक्ट्रेट तक पहुंचा। कलेक्ट्रेट पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था और बैरिकेडिंग की गई थी। आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधीवादी तरीके से पुलिस की बैरिकेडिंग हटाकर कलेक्ट्रेट के सभागार में प्रवेश कर लिया।

कांग्रेस नेताओं ने वहां उपस्थित अधिकारियों से तुरंत प्रभाव से नहरी पानी की कटौती बंद करके किसानों को पूरा पानी उपलब्ध कराने और बकाया पड़ी गेहूं की खरीद तत्काल शुरू करने की मांग रखी। प्रशासन ने इन मांगों को पूरा करने के लिए दो-तीन दिन का समय मांगा। कांग्रेस नेताओं ने साफ चेतावनी दी कि उनकी जायज मांगों को शीघ्र स्वीकार नहीं किया गया तो वे महापड़ाव डालेंगे।

विधायक रूपेंद्रसिंह कुनर, सांसद कुलदीप इंदौरा और विधायक सोहन नायक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार किसानों की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है। नहरी पानी की अघोषित कटौती से खरीफ फसलों की बुआई प्रभावित हो रही है, वहीं गेहूं की बकाया खरीद से किसान आर्थिक संकट में फंस गए हैं। उन्होंने राज्य सरकार और जिला प्रशासन पर किसान विरोधी रवैया अपनाने का आरोप लगाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित