श्रीगंगानगर , सितम्बर 28 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में पुरानी शुगर मिल वाली जगह पर बन रहे नये न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं के चैंबर निर्माण को लेकर बार संघ पिछले लंबे समय से जो संघर्ष चला रहा था, उसमें अब बड़ी सफलता मिली है।
बार संघ की सोमवार को दोपहर को हुई सभा में अध्यक्ष हंसराज तनेजा ने बताया कि राज्य सरकार ने न केवल परिसर में अधिवक्ताओं के चैंबर बनाने की मंजूरी दे दी है, बल्कि प्रथम चरण में 88 चैंबर बनाने के लिए 12 करोड़ 35 लाख रुपये से अधिक का बजट भी जारी कर दिया है। साथ ही निर्माण एजेंसी राजस्थान राज्य सड़क विकास निगम लिमिटेड (आरएसआरडीसी) ने टेंडर भी जारी कर दिये हैं। उम्मीद है कि अगले महीने नवरात्रों में चैंबर निर्माण का कार्य शुरू हो जायेगा।
उन्होंने बताया कि कुल 200 चैंबर निर्माण की मंजूरी मिली है। इनमें से प्रथम चरण में 88 चैंबर बनाये जायेंगे। इन चैंबरों के बिजली के काम के लिए अलग से एक करोड़ 70 लाख रुपये भी मंजूर हो गये हैं। इस घोषणा पर सभा में मौजूद अधिवक्ताओं में हर्ष की लहर दौड़ गयी और उन्होंने करतल ध्वनि से स्वागत किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित