श्रीगंगानगर , मार्च 04 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले में पुलिस ने अलग थाना क्षेत्र में मादक पदार्थ बरामद करके एक महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सू्त्रों ने बुधवार को बताया कि सीमावर्ती मटीली राठान थाना क्षेत्र मेें मंगलवार शाम को मिर्जावाला गांव में जसवीर सिंह मजहबी सिख (28) को गिरफ्तार करके उससे 21.40 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया गया।

कोतवाली थाना क्षेत्र में जस्सा सिंह मार्ग पर बसंती चौक के नजदीक कार में जा रहे मनप्रीत सिंह रामगढ़िया (31) को रोककर कार की तलाशी ली गयी, तो उसमें 24 किलो 300 ग्राम डोडा पोस्त और नशीले पदार्थ के रूप में इस्तेमाल किये जाने वाले 21 हजार 400 प्रेगाबलीन कैप्सूल बरामद हुए।

इसी प्रकार हिंदूमलकोट थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम सादुलशहर में करडवाला मार्ग पर एक महिला अनमोल उर्फ ममोल वाल्मीकि (50) से तीन ग्राम 220 मिलीग्राम हेरोइन बरामद की। वह अवैध रूप से नशा करने वालों को हेरोइन बेचने का काम करती थी। उस पर पुलिस की पिछले काफी समय से नजर थी।

इसके अलावा हिंदूमलकोट थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम को गांव पक्की के रेलवे स्टेशन के पास अर्शदीपसिंह उर्फ अर्श जटसिख (22) को गिरफ्तार करके उससे 3.66 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

पुलिस ने बताया कि इन सभी आरोपियों के खिलाफ मादक द्रव्य एवं मनोत्तेजक पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित