श्रीगंगानगर , सितम्बर 11 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले में स्थानीय निकाय चुनाव के दूसरे चरण का मतदान शुक्रवार को संपन्न हो गया।
शाम छह बजे मतदान समाप्त होने के बाद जिला प्रशासन की अधिकृत सूचना के अनुसार कुल मतदान प्रतिशत 74.59 रहा। श्रीगंगानगर नगर परिषद के साथ केसरी सिंहपुर, श्रीकरणपुर, पदमपुर, गजसिंहपुर और सादुलशहर नगरपालिकाओं में मतदाताओं ने शहरी सरकार चुनने के लिए मतदान किया। इन पांच निकायों के कुल दो लाख 64 हजार 966 मतदाताओं में से 74.59 प्रतिशत लोगों ने लोकतंत्र के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
मतदान सादुलशहर में मारपीट की एक बड़ी घटना को छोड़कर आमतौर पर शांतिपूर्वक रहा। सादुलशहर के वार्ड नंबर पांच में निर्दलीय प्रत्याशी मनीषा के पति एवं भाजपा के बागी नेता प्रदीप खीचड़ और उनके समर्थकों की भाजपा विधायक गुरुवीरसिंह बराड़ के समर्थकों के साथ भारी झड़प हो गई।
पदमपुर के वार्ड नंबर 22 में भाजपा और कांग्रेस के समर्थक आपस में भिड़ गए। इसमें एक युवक घायल हो गया जिसका अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
श्रीकरणपुर के वार्ड नंबर 18 में भी कुछ तनातनी होने का समाचार मिला। इन सभी पांच स्थानीय निकायों में मतदान के दौरान सादुलशहर को छोड़कर छुटपुट तनातनी, बहसबाजी और हाथापाई की घटनाएं हुईं। वहीं श्रीगंगानगर में मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। हालांकि इस दौरान कुछ मतदान केंद्रों पर मतदाताओं और मतदान दलों में मोबाइल फोन को लेकर बहसबाजी की घटनाएं भी सामने आईं। मतदान केंद्र में मोबाइल फोन नहीं ले जाया जा सकता था लेकिन इस बारे में मतदाताओं को पूरी जानकारी नहीं थी, इस वजह से कुछ केंद्रों पर गलतफहमी हुई।
श्रीगंगानगर में जवाहरनगर इलाके के मतदान केंद्र संख्या 11 पर सुबह सात बजे जैसे ही मतदान आरंभ हुआ तो ईवीएम मशीन नहीं चली। करीब आधे घंटे तक प्रयास करने पर भी मशीन की तकनीकी खराबी ठीक नहीं हुई तो फिर मशीन बदल दी गई। देर शाम सभी जगह से ईवीएम मशीनों को कड़ी सुरक्षा में श्रीगंगानगर लाया जा रहा था। अगले तीन दिन तक ये मशीनें कड़ी सुरक्षा में रहेंगी। आगामी सोमवार 14 सितंबर को मतगणना होगी। इसी दिन दोपहर तक सभी परिणाम आ जाएंगे। इसके बाद 21 सितंबर को अध्यक्ष के चुनाव होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित