श्रीगंगानगर , अक्टूबर 24 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिला परिषद के चुनाव में वार्ड संख्या 24 से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार पृथ्वीपालसिंह संधू का नामांकन पत्र शनिवार को जांच के बाद खारिज कर दिया गया।
नामांकन खारिज होने के बाद अब इस वार्ड में भाजपा के डमी उम्मीदवार सुभाषचंद्र पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार होंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार श्री संधू के नामांकन पत्र को खारिज किए जाने का मुख्य आधार जून 2025 में पुलिस द्वारा अदालत में दाखिल किया गया आरोप पत्र है। यह आरोप पत्र 18 सितंबर 2018 को किसान आंदोलन के दौरान पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट और हिंसक झड़प के मामले में दर्ज मामले से जुड़ा है। पुलिस ने जिन धाराओं में आरोप पत्र दाखिल किया, उनमें कुछ गंभीर धाराएं शामिल हैं, जिनमें पांच वर्ष से अधिक की सजा का प्रावधान है। पुलिस द्वारा पेश चालान के आधार पर अदालत ने आरोप तय कर दिए हैं, जिस वजह से नामांकन पत्र अस्वीकार कर दिया गया।
इसके अलावा एक अन्य जानकारी भी सामने आई है। श्री संधू के खिलाफ करीब पांच-छः वर्ष पहले पदमपुर थाने में धोखाधड़ी का एक मामला दर्ज हुआ था, जिसका जिक्र नामांकन पत्र में नहीं किया गया था। भाजपा के एक वरिष्ठ नेता के अनुसार नामांकन खारिज होने की मुख्य वजह जून 2025 में दाखिल आरोप पत्र ही रही, जिसमें गंभीर धाराएं शामिल थीं।
भाजपा नेतृत्व को पहले से ही आशंका थी कि श्री संधू का नामांकन पत्र खारिज हो सकता है। इसीलिए शुक्रवार को नामांकन पत्र दाखिल करने का समय समाप्त होने से कुछ मिनट पहले निर्वाचन अधिकारी को सभी 39 वार्डों से पार्टी के अधिकृत उम्मीदवारों की सूची सौंपी गई थी, उस में वार्ड नंबर 24 का विशेष उल्लेख किया गया था कि अगर पृथ्वीपालसिंह संधू का नामांकन खारिज होता है तो डमी उम्मीदवार सुभाषचंद्र को पार्टी का अधिकृत उम्मीदवार माना जाए।
भाजपा सूत्रों के अनुसार जहां-जहां पार्टी को लगता है कि उम्मीदवार का नामांकन किसी कारण से खारिज हो सकता है, वहां निर्वाचन अधिकारी को दी जाने वाली पार्टी चिन्ह सूची में वैकल्पिक अधिकृत उम्मीदवार का नाम पहले से ही दर्ज करा दिया जाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित