श्रीगंगानगर , मार्च 25 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर पर आतंकी हमले की धमकी देने वाला पत्र पूरी तरह फर्जी निकला है।
पुलिस ने इस मामले को शरारत की घटना मानते हुए अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ कोतवाली थाने में मामला दर्ज कर लिया है। धमकी के बावजूद अदालत परिसर में कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
धमकी पत्र कुछ दिन पहले डाक के माध्यम से जिला अदालत को प्राप्त हुआ था, जिसमें 25 मार्च को आतंकी हमला करने की चेतावनी दी गई थी। पत्र कोलकाता के एक फर्जी पते से भेजा गया था। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस सतर्क हो गईं। आज पूरे न्यायालय भवन की गहन जांच की गई। लेकिन किसी तरह की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित