श्रीगंगानगर , अगस्त 10 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर नगर परिषद की प्रथम अध्यक्ष और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वरिष्ठ नेत्री कौशल्या देवी चोपड़ा (84) का संथारा रविवार रात्रि करीब 11 बजे बीकानेर के छल्लाणी निवास, तातेड़ गली, पुरानी लेन, गंगाशहर में सम्पन्न हो गया।

उनकी बैकुंठी यात्रा सोमवार को सुबह बीकानेर स्थित उनके निवास स्थान छल्लाणी निवास से निकाली गई। यात्रा निवास स्थल से रवाना होकर पुरानी लेन ओसवाल मुक्तिधाम पहुंची, जहां विधि-विधान पूर्वक उनका अंतिम संस्कार किया गया।

कौशल्या देवी के जीवन के अंतिम दिनों में 15 दिनों का तिविहार संथारा और उसके बाद आठ दिनों का चोविहार संथारा आया था। संथारा साधिका कौशल्यादेवी का रविवार को ही 85वां जन्मदिन था। अपने जन्मदिन के अवसर पर ही उन्होंने नश्वर देह का त्याग करके देवलोक की ओर प्रस्थान किया। श्रीमती कौशल्या चोपड़ा श्रीगंगानगर नगर परिषद के इतिहास में एक महत्वपूर्ण स्थान रखती थीं। वर्ष 1993 में हुए चुनाव में नगर परिषद का अध्यक्ष पद महिलाओं के लिए आरक्षित होने के कारण वह पहली महिला अध्यक्ष चुनी गयी थीं।

कौशल्या चोपड़ा भाजपा संगठन की तुलना में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से अधिक जुड़ी थीं। वह दुर्गा वाहिनी और राष्ट्रीय स्वयंसेविका संघ से सक्रिय रूप से जुड़ी रहीं। उनके निधन से श्रीगंगानगर में शोक की लहर फैल गयी है। पूर्व सभापति महेश पेडीवाल ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित