श्रीगंगानगर , जुलाई 28 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर के युवा स्पिनर मानव सुथार ने एक बार फिर देश का नाम रौशन करने का मौका हासिल कर लिया है।
बीसीसीआई ने मंगलवार को श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए 15 सदस्यीय टीम का ऐलान किया, जिसमें श्रीगंगानगर के इस सितारे का नाम भी शामिल है। जून में अफगानिस्तान के खिलाफ मुल्लापुर (न्यू चंडीगढ़) में खेले गए टेस्ट में मानव सुथार ने अपने अंतरराष्ट्रीय मैच में प्रवेश किया था। पहले मैच में ही उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए सात विकेट लिए।
आज बीसीसीआई ने श्रीलंका दौरे के लिए टीम का ऐलान करते हुए मानव सुथार को फिर से जगह दी है। मानव सुथार लेफ्ट-आर्म स्पिनर के रूप में टीम का हिस्सा हैं। युवा क्रिकेटर के रूप में मानव सुथार ने घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर टीम इंडिया तक का सफर तय किया है। राजस्थान की ओर से रणजी ट्रॉफी और अन्य घरेलू टूर्नामेंट में उनके स्पिन गेंदबाज के रूप में आंकड़े प्रभावशाली रहे हैं। पहले टेस्ट में ही प्लेयर ऑफ द मैच बनने के बाद अब दोबारा चयन होना उनकी कड़ी मेहनत का नतीजा है।
श्रीलंका दौरे पर भारत सात अगस्त से कोलंबो में चार दिवसीय अभ्यास मैच खेलेगा। पहला टेस्ट 15 से 19 अगस्त तक गाले में और दूसरा टेस्ट 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो में खेला जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित