श्रीगंगानगर , अप्रैल 02 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिला मुख्यालयों पर स्थित मुख्य डाकघरों को गुरुवार को एक बार फिर अज्ञात व्यक्ति ने ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ा देने की धमकी दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों जिलों में एक महीने के अंदर यह तीसरा मामला है, जिससे स्थानीय स्तर पर हड़कंप मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार अज्ञात व्यक्ति ने राज्य में कई शहरों में डाकघरों को बम धमाकों से उड़ा देने की धमकी दी।

श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ में इसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने तुरंत दोनों जगहों पर परिसर खाली करा लिया और पूरे क्षेत्र को घेर लिया। श्वान दस्ता और बम निरोधक दस्ते के दलों ने व्यापक तलाशी अभियान चलाया, लेकिन किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।

इससे पहले मार्च में भी दोनों जिलों के मुख्य डाकघरों और उनमें स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्रों को बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। पुलिस और साइबर सेल के दलों ने इस ई-मेल के स्रोत स्थल की तलाश शुरु कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित