श्रीगंगानगर , जून 11 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों की पुलिस कुख्यात बदमाश सरगना रोहित गोदारा उर्फ रोहित स्वामी तथा वीरेंद्र चारण के गिरोहों को पूरी तरह समाप्त करने के अभियान में जुट गयी है।
पिछले 20 दिनों से पुलिस ने इन दोनों सरगनाओं के खिलाफ जबरदस्त अभियान छेड़ रखा है, जिसमें न सिर्फ बदमाशों की धर-पकड़ हो रही है बल्कि मुठभेड़ें भी की जा रहीं हैं। इन बदमाशों के पारिवारिक सदस्यों की भी अपराधी गतिविधियों में सहयोग करने के आरोप में गिरफ्तारियां की जा रही हैं। पुलिस ने सरगनाओं पर मनोवैज्ञानिक दबाव बढ़ाने के लिए उनके परिवार के सदस्यों को भी निशाना बनाया है। इन पर गंभीर धाराएं लगाकर गिरफ्तारियां की जा रही हैं। इस अभियान की शुरुआत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा 25 मई को बीकानेर में बुलाई गई उच्च स्तरीय बैठक के बाद हुई। बैठक में शामिल एक अधिकारी ने दावा किया कि इस मुद्दे पर कोई चर्चा नहीं हुई, लेकिन बैठक के तुरंत बाद इन सरगनाओं पर शिकंजा कसना शुरू हो गया।
रोहित गोदारा उर्फ रोहित स्वामी बीकानेर संभाग के बीकानेर जिले के लूणकरणसर थाना क्षेत्र के गांव कपूरीसर का निवासी है। हाल ही में चुरू जिले के रतनगढ़ शहर में कांग्रेस नेता के घर गोलीबारी की घटना के बाद उसके माता-पिता को पूछताछ के लिए बुलाया गया और फिर गिरफ्तार कर लिया गया।रतनगढ़ पुलिस ने वीरेंद्र चारण के पिता को भी गिरफ्तार किया है। इसी क्रम में हनुमानगढ़ जिले में इन सरगनाओं से संबंध रखने वाले कुख्यात बदमाश महेंद्र डेलाना के पिता को भी उनके पुत्र की आपराधिक गतिविधियों में सहयोग के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
उधर, श्रीगंगानगर जिला पुलिस ने पिछले हफ्ते रोहित गोदारा के भाई हनुमान स्वामी को अवैध पिस्तौल और कारतूस रखने के आरोप में गिरफ्तार किया। पुलिस का आरोप है कि अप्रैल में श्रीकरणपुर में दो बदमाशों के साथ पकड़े गए राहुल नागपाल को हनुमान स्वामी ने अवैध हथियार मुहैया कराये थे।
आज तड़के श्रीगंगानगर के सदर थाना क्षेत्र में उद्योग विहार के निकट पठानवाला में पुलिस ने रोहित गोदारा गिरोह के शकील अंसारी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार लिया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार पिछले वर्ष नवंबर-दिसंबर में बीकानेर संभाग में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का नेटवर्क करीब खत्म कर दिया गया था। रायसिंहनगर-श्रीविजयनगर मार्ग पर 90 लाख रुपये कैश ले जा रहे गिरोह के सदस्यों की गिरफ्तारी ने बिश्नोई गिरोह की कमर तोड़ दी थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित